उत्तराखंड भाजपा को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, 1 जुलाई को हो सकता है ऐलान

2

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। 1 जुलाई को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की घोषणा किए जाने की संभावना है, जबकि 29 जून से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को इस चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रदेश स्तर पर भाजपा के चुनाव अधिकारी खजानदास ने बताया कि 29 जून को ही चुनाव की अधिसूचना जारी होने और उसी दिन मतदाताओं की सूची चस्पा किए जाने की संभावना है। इसके बाद 30 जून को नामांकन और 1 जुलाई को मतदान और परिणाम की प्रक्रिया संपन्न हो सकती है। हालांकि, कार्यक्रम की विधिवत घोषणा शीघ्र की जाएगी।

इस चुनाव प्रक्रिया के तहत भाजपा राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्यों का भी चयन किया जाएगा। यह चयन प्रदेश संगठन को आगामी राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ जोड़ने की प्रक्रिया का हिस्सा है। भाजपा के अगले प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नाम की पुनः चर्चा हो रही है। उनके पक्ष में अब तक के चुनावी प्रदर्शन में पार्टी की सफलता, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके बेहतर समन्वय और संगठन में व्यापक स्वीकार्यता को मजबूत कारण माना जा रहा है।

हालांकि, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अक्सर चौंकाने वाले फैसले लेने के लिए जाना जाता है। इसलिए जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कई अन्य नामों की भी चर्चा हो रही है।

गढ़वाल क्षेत्र के ब्राह्मण चेहरे को संगठन की कमान सौंपने की अटकलों के बीच जिन नामों की चर्चा हो रही है, उनमें शामिल हैं- आदित्य कोठारी (प्रदेश महामंत्री), ज्योति प्रसाद गैरोला (दर्जाधारी नेता), विनोद चमोली (वरिष्ठ विधायक), बृजभूषण गैरोला (विधायक), वहीं, अगर भाजपा नेतृत्व महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देने का निर्णय लेता है, तो संभावित नामों में ये चेहरे प्रमुख हैं- आशा नौटियाल (विधायक, केदारनाथ), दीप्ति रावत भारद्वाज (राष्ट्रीय महामंत्री, महिला मोर्चा)

प्रदेश में बूथ, मंडल और जिला स्तर तक संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। अब प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव अंतिम चरण है।