17.6 C
New York
Tuesday, July 7, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news घरेलू हिंसा मामलों में समझौते की प्रवृत्ति पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा-...

घरेलू हिंसा मामलों में समझौते की प्रवृत्ति पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- यह महिलाओं की जान के लिए खतरा

12

सुप्रीम कोर्ट ने घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के मामलों में परिवारों और समाज की चुप्पी पर गंभीर चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि घरेलू हिंसा की शिकायतों को “समझौते” के नाम पर दबाना एक खतरनाक सामाजिक विफलता है, जो कई बार महिलाओं की मौत तक का कारण बन जाती है।

न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन की पीठ ने पत्नी की हत्या और घरेलू क्रूरता से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। अदालत ने आरोपी पति की सजा को बरकरार रखते हुए कहा कि पीड़िता ने कई बार अपने परिवार और रिश्तेदारों से पति की हिंसा और दहेज प्रताड़ना की शिकायत की थी, लेकिन हर बार उसे समझौता कर वापस ससुराल भेज दिया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि परिवार और गांव के बुजुर्ग यह मानते रहे कि समय के साथ हालात सुधर जाएंगे, लेकिन यही “झूठी उम्मीद” आखिरकार पीड़िता की मौत का कारण बनी। अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि घरेलू हिंसा के मामलों में समझौते का दबाव बनाना महिलाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

पीठ ने कहा कि समाज को यह समझना होगा कि घरेलू हिंसा कोई निजी पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि एक गंभीर अपराध है। अदालत ने उम्मीद जताई कि यह फैसला समाज के लिए “आंखें खोलने वाला” साबित होगा और लोग ऐसी घटनाओं को हल्के में लेना बंद करेंगे।

सुनवाई के दौरान आरोपी पति ने मामले को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालतों के फैसले को सही ठहराते हुए उसकी दलीलों को खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि लगातार प्रताड़ना और हिंसा के संकेतों को नजरअंदाज करना समाज की बड़ी चूक है।

कानूनी और सामाजिक विशेषज्ञों का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के मामलों में समाज की सोच बदलने की दिशा में अहम संदेश है। अदालत ने साफ संकेत दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में समझौते की संस्कृति को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।