17.6 C
New York
Thursday, May 28, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news लालकुआं-काठगोदाम से मुंबई के लिए नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस सेवा शुरू

लालकुआं-काठगोदाम से मुंबई के लिए नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस सेवा शुरू

2
उत्तराखंड से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे ने लालकुआं-काठगोदाम और मुंबई सेंट्रल के बीच चल रही सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन का दर्जा दे दिया है। नई नियमित सेवा 27 मई 2026 से शुरू हो गई है, जिससे यात्रियों को स्थायी और अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, पहले 09075/09076 नंबर से संचालित काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी को अब नियमित रूप से 21907/21908 नंबर के साथ चलाया जाएगा।

गाड़ी संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बृहस्पतिवार को काठगोदाम से चलेगी।

रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के मुताबिक, 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस शाम 5:30 बजे काठगोदाम से रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन हल्द्वानी से शाम 5:48 बजे, लालकुआं से शाम 6:25 बजे और किच्छा से शाम 6:52 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत सहित कुल 22 स्टेशनों पर ठहराव लेगी और अगले दिन रात 9 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

इस नियमित ट्रेन सेवा से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए यह ट्रेन बड़ी सुविधा साबित होगी।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो जीएसएलआरडी कोच, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, सात शयनयान श्रेणी कोच, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच और एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच शामिल होंगे।

यात्रियों का मानना है कि नियमित सेवा शुरू होने से टिकट बुकिंग और यात्रा योजना बनाना पहले की तुलना में अधिक आसान होगा। वहीं, रेलवे को भी इस मार्ग पर यात्रियों की बढ़ती संख्या से बेहतर राजस्व मिलने की उम्मीद है।