17.6 C
New York
Sunday, January 18, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दूसरी बार चुने गए महेंद्र भट्ट,...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दूसरी बार चुने गए महेंद्र भट्ट, सीएम धामी ने किया गर्मजोशी से स्वागत

9

उत्तराखंड में भाजपा ने एक बार फिर महेंद्र भट्ट पर भरोसा जताया है। उन्हें लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सरकारी आवास पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें दोबारा अध्यक्ष बनने पर बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्टी के राज्य महासचिव (संगठन) अजय कुमार भी मौजूद रहे।

महेंद्र भट्ट को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। केंद्रीय राज्य मंत्री और चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रांतीय परिषद की बैठक के दौरान उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया। साथ ही राष्ट्रीय परिषद के लिए आठ सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा भी की गई।

कार्यकर्ताओं से जीत का भरोसा

महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल जिला पंचायत या बीडीसी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड तक भाजपा का परचम लहराना है।

उन्होंने कहा कि अब कोई भी ग्राम सभा या बीडीसी वार्ड ऐसा नहीं होना चाहिए जहां भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव न लड़ रहा हो। बूथ अध्यक्ष और बूथ कार्यकर्ता ही पंचायत चुनावों में जीत की रीढ़ हैं।

’60 पार’ का लक्ष्य

भट्ट ने 2027 को भाजपा का सबसे अहम लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा, “इस बार हम ‘60 पार’ का नारा लेकर चलेंगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के बाद हमने लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर राज्य में एक नया इतिहास रचा है।”

उन्होंने यह भी कहा कि आज विकास केवल भाषणों में नहीं, बल्कि लोग उसे अपनी आंखों से देख रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पंचायत से लेकर विधानसभा चुनाव तक बिना थके और बिना रुके भाजपा को मजबूत करने का काम करें।

इस नियुक्ति के साथ ही भाजपा ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि आगामी चुनावों को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है और जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है।