17.6 C
New York
Tuesday, January 20, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news दक्षिणी चीन में भीषण बारिश से तबाही, गुआंगडोंग में बाढ़ के हालात,...

दक्षिणी चीन में भीषण बारिश से तबाही, गुआंगडोंग में बाढ़ के हालात, 30,000 लोगों का रेस्क्यू

12

दक्षिणी चीन के गुआंगडोंग प्रांत में पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। हुआइजी काउंटी समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन और बचाव दलों की सतर्कता के चलते अब तक लगभग 30,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ का सबसे अधिक असर हुआइजी काउंटी में देखा गया है, जहां आधे से अधिक सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं और बिजली व इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप हैं।

हुआइजी काउंटी गुआंग्शी क्षेत्र की सीमा से सटा इलाका है और यह गुआंगजौ से करीब 140 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। यह क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों और व्यापारिक बंदरगाह के रूप में महत्वपूर्ण माना जाता है।

बाढ़ के मुख्य कारणों में शुई जियांग नदी का उफान है, जिसने शहर की सड़कों को नहरों में बदल दिया है। हवाई फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गंदे पानी में केवल ऊंची इमारतों और पेड़ों की चोटियां ही नजर आ रही हैं। जल स्तर इतना अधिक बढ़ गया है कि कई मकानों की पहली मंजिलें डूब चुकी हैं और सड़क पर खड़ी कारों की सिर्फ छतें ही दिखाई दे रही हैं।

इस प्राकृतिक आपदा की पृष्ठभूमि में ट्रॉपिकल स्टॉर्म वुटिप और लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारी वर्षा के कारण ग्वांग्शी प्रांत में दो अलग-अलग जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आईं, जिनमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

बचाव कार्य जारी, संकट में इंसानियत की मिसाल

बचाव अभियान में जुटे एक कर्मी ने स्थानीय समाचार पत्र को बताया कि उनकी टीम ने एक अस्पताल से गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सुरक्षित निकाला, जबकि एक नवजात शिशु और उसकी मां को दूध पाउडर व पीने का पानी पहुंचाया गया। इसके अलावा एक स्कूल में फंसे दर्जनों बच्चों और बुजुर्गों को राहत सामग्री भेजी जा रही है।

स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर बनाए हैं और नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।

बाढ़ से जूझते गुआंगडोंग की तस्वीरें दुनियाभर में चिंता का विषय बनी हुई हैं, और यह घटना एक बार फिर जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे की गंभीरता को उजागर करती है।