अमेरिका के कोलोराडो में आग का तांडव, एक हजार मकान जलकर खाक, तीन लोग लापता

0

अमेरिका के कोलोराडो राज्य में डेनवर के जंगल में फैली आग की वजह से 1000 मकान जलकर खाक हो गए। राज्य के गवर्नर जेरेड पोलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। लुइसविले और सुपीरियर शहर में करीब 30,000 लोगों को घर छोड़ने के लिए कहा गया है। हालात को देखते हुए आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। गवर्नर पोलिस ने मीडिया से कहा- आग इतनी तेजी से फैली कि किसी के कुछ समझने से पहले ही इसने एक बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। शेरिफ जो पेले ने बताया, इलाके में 169 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही है। तेज हवाओं के कारण आग इतनी तेजी से फैल रही है कि फायर फाइटर्स को भी मौके से निकलना पड़ा। अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश में जुटे हैं।

अमेरिका के कोलोराडो में आग का तांडव

बोल्डर काउंटी के शेरिफ (काउंटी में कानूनी मामलों के अधिकारी) जो पेले ने शनिवार को बताया कि जांच अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए एक निश्चित स्थान पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। शेरिफ ने बताया- आग की वजह से घरों के साथ 1 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और होटल भी जल गया। कुल मिलाकर लगभग 6,000 एकड़ जमीन जल चुकी है। राहत की बात यह है कि इलाके के 2 हॉस्पिटल्स और स्कूल को कुछ नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह से इस इलाके में बर्फवारी शुरू हो गई है। जिससे फायर फाइटर्स को मदद मिल रही है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।

कोलोराडो के जंगल में आग गुरुवार को लगी थी। जिसके बाद यह आग 6.5 वर्ग किलोमीटर के इलाके में फैल गई। राज्य के अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। इसी के साथ बचावकर्मी फंसे हुए को लोगों निकालने और नुकसान का आकलन करने में लगे हुए हैं। बीते कुछ सालों से कोलोराडो भीषण सूखे का सामना कर रहा है। जलवायु परिवर्तन की वजह से जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ गया है।