17.6 C
New York
Thursday, January 22, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news दीपावली पर सीएम योगी का तोहफा, प्रदेश के 14.82 लाख कर्मचारियों को...

दीपावली पर सीएम योगी का तोहफा, प्रदेश के 14.82 लाख कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

4

दीपावली से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर्मचारियों को बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति सरकार की सराहना का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वित्त विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। इसके अनुसार, कर्मचारियों को उत्पादकता असंबद्ध बोनस दिया जाएगा। बोनस की गणना मासिक वेतन की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर की जाएगी, जिसके तहत प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का बोनस मिलेगा।

इस निर्णय से प्रदेश के करीब 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे। सरकार पर इसका कुल व्ययभार लगभग ₹1,022 करोड़ आएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए ताकि हर परिवार दीपावली का पर्व खुशी से मना सके।

राज्य सरकार का यह बोनस उन पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को दिया जाएगा जिनका वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600-₹1,51,100) तक है। इसके अलावा, इसमें राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थान, तकनीकी संस्थान, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों के कर्मचारी, साथ ही कार्यप्रभारित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि भारत सरकार ने भी हाल ही में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने का निर्णय लिया था। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह कदम कर्मचारियों के उत्साह को बढ़ाएगा और शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा।