अमित शाह को मिली AIIMS से छुट्टी, ट्वीट कर अनिल बलूनी ने बताया

0

 बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को अस्पताल से रवीवार सुबह छुट्टी मिल गई हैं। अमित शाह को स्वाइन फ्लू होने के कारण दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। अमित शाह ने खुद अस्पताल से डिस्चार्ज होने की जानकारी दी हैं।

अमित शाह ने ट्वीट कर बताया कि ईश्वर की कृपा से अब मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं और आज अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने आवास पर आ गया हूं। मेरे स्वास्थ्य लाभ के लिए आप सभी के द्वारा प्रेषित शुभकामनाओं के लिए ह्रदय से आभारी हूं।

इससे पहले बीजेपी नेता अनिल बलूनी ने भी ट्वीट कर अमित शाह के अस्पताल से छुट्टी मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हम सभी के लिए हर्ष का विषय है कि हमारे यशस्वी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी आज पूर्ण रूप से स्वस्थ हो एम्स से डिस्चार्ज होकर अपने निवास आ गए हैं। सभी शुभचिंतकों व कार्यकर्ता बंधुओं की शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार।

वहीं अमित शाह ने ट्वीट के जरिए तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा कि मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही मैं स्वस्थ हो जाऊंगा।तबीयत खराब होने के कारण अमित शाह की आज बंगाल में होने वाली रैली को भी टाल दिया था।

माल्दा में आज होनी वाली रैली अब मंगलवार को होगी। इसके अगले दिन बीरभूम के सूरी और पड़ोसी जिले झारग्राम में रैली होगी। वहीं 24 जनवरी को बीजेपी अध्यक्ष दक्षिण 24 परगना जिले के जॉयनगर में जनसभा करेंगे। इसके अलावा वह पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।

बता दें कि अमित शाह पर कांग्रेस नेता और कर्नाटक से राज्यसभा सांसद बी.के हरिप्रसाद ने विवादित टिप्पणी की थी। हरिप्रसाद ने कहा था कि कर्नाटक में हमारे विधायकों के वापस लौटने से अमित शाह डर गए और उनको बुखार हो गया। उन्हें कोई आम बुखार नहीं हुआ है। उनको स्वाइन फ्लू (Pig Fever) हुआ है। अगर वह कर्नाटक की सरकार को गिराने की कोशिश करेंगे तो वह यह जान जाएं कि उनको सिर्फ स्वाइन फ्लू नहीं बल्कि उल्टी और लूज मोशन भी होगा।

हरिप्रसाद के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया था। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने हरिप्रसाद पर हमला करते हुए कहा कि जिस तरह का गंदा और बेहूदा बयान कांग्रेस के सांसद बी.के हरिप्रसाद ने अमित शाह के स्वास्थ्य के लिए दिया है, यह कांग्रेस के स्तर को दर्शाता है। अमित शाह फ्लू का उपचार करा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के नेताओं की मानसिक बीमारी का उपचार मुश्किल है।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी आज रामलीला मैदान में दिल्ली बीजेपी विजय संकल्प रैली का आयोजन करेगी। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के पुतले लगाए जाएंगे, इन पुतलों को झूठ का पुतला नाम दिया गया है।

इस युवा विजय संकल्प महारैली को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान सम्बोधित करेगें।इसके अलावा बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर एवं वर्तमान अध्यक्ष पूनम महाजन और दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी भी इस रैली को संबोधित करेंगे।