17.6 C
New York
Friday, July 3, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में पहुंचा मानसून, अगले 5 दिनों तक भारी...

दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में पहुंचा मानसून, अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

4

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मानसून ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और गुजरात के कई हिस्सों को कवर कर लिया है। वहीं अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 2 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब के अधिकांश क्षेत्रों और गुजरात के कुछ इलाकों तक दस्तक दे दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब के बाकी हिस्सों और राजस्थान के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले दो से तीन दिनों में और मजबूत होने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से मध्य भारत में अगले पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 2 से 5 जुलाई के बीच दक्षिण गुजरात और कोंकण के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं 2 से 4 जुलाई तक सौराष्ट्र-कच्छ, 3 और 4 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा, जबकि 3 से 5 जुलाई के दौरान मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान भी देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा के कई इलाकों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हुई। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी मध्य प्रदेश और सौराष्ट्र-कच्छ में भी कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।

उत्तर प्रदेश की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून अब राज्य के सभी हिस्सों तक पहुंच चुका है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।