वृद्धाआश्रम में महिलाओं व बच्चे को बनाया था बंधक, मौके पर पहुंची पुलिस

0
रूद्रपुर: शहर की शांति बिहार कालोनी में चल रहे एक वृद्धाआश्रम में दो महिलाओं और एक बालक को बंधक बनाये जाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पर पुलिस ने पहुंच मकान के मामले में में छानबीन की।
सिंह कालोनी के समीप शांति विहार कालोनी में एक वृद्धाश्रम चलाया जा रहा है। इस वृद्धाआश्रम की संचालक किसी काम से हल्द्वानी गई है। बताया जा रहा कि इससे पहले यह वृद्धाआश्रम किसी और स्थान पर चल रहा था।
महिला के परिजनों का आरोप है कि इस वृद्धाआश्रम में पलिया निवासी एक महिला और एक 13 वर्षीय बालक को बंधक बनाया गया है। बंधक बनाये गये बालक और महिला ने इसकी शिकायत अपने रिश्तेदारों से की थी। रिश्तेदारों को बताया था कि उन्हें वृद्धाआश्रम में खाना बनाने और अन्य काम कराने के नाम पर लाया गया था लेकिन न तो वेतन मिलता है और नही ठीक से खाना दिया जाता है।
इसके साथ ही उन्हें मकान में ताला लगाकर बंधक बनाकर रखा जाता है। उन्हें मकान से बाहर नहीं जाने दिया जाता था। रिश्तेदारों को जब इसकी भनक लगी तो पीलीभीत से लोकेशन ढूंढते हुए रेशम सिंह, हरभजन सिंह, गुरिंदर सिंह, सुखजीत सिंह ओलख आदि लोग रूद्रपुर पहुंचे। उन्होंने वार्ड के पार्षद सुशील चौहान मामले की जानकारी दी। पार्षद ने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।
सूचना पर बाजार चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा और एसआई दिनेश परिहार टीम के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान में ताला लगा हुआ था। भीतर दो महिलाएं और एक किशोर बंद था। पुलिस ने वृद्धाआश्रम की संचालिका के बारे में जानकारी जुटायी और उससे जानकारी ली। संचालिका हल्द्वानी किसी काम से गई। चौकी प्रभारी बाजार ने बताया कि संचालिका से बात की गई तो उसने वापस आने की बात कही। इसके बाद पूरे प्रकरण की जांच होगी। वृद्धाआश्रम संचालिका के आने के बाद अंदर छानबीन की जायेगी। बंधक बनाने की शिकायत सही पायी गयी तो मामले में कार्रवाई की जायेगी।