17.6 C
New York
Wednesday, January 21, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर देश में शोक की लहर,...

भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर देश में शोक की लहर, राष्ट्रपति कोविंद व पीएम ने जताया गहरा दुख, मोदी बोले- शब्दातीत पीड़ा में हूं

3

भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर देश में शोक की लहर छा गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, लता जी का निधन मेरे लिए हृदयविदारक है। पीएम ने अपने संदेश में कहा कि लताजी ऐसा खालीपन छोड़ गई हैं, जिसे कभी नहीं भरा जा सकेगा।

देश में अपनी अवाज से जादू बिखेरने वाली कंठ कोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर का लंबी बीमारी के बाद आज यानि रविवार 6 फरवरी सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया है। इस दुखद खबर के सामने आने के बाद देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि राजनीति, मनोरंजन और खेल जगत की तमाम हस्तियों ने उनके निधन पर शोक वयक्त किया है। भारत रत्न लता मंगेशकर का आज ही पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। साथ ही, केंद्र ने घोषणा की है की उनकी याद में दो दिवसीय राष्ट्रीय शोक भी मनाया जाएगा।

गायिका लता मंगेशकर का मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 वर्षीय स्वर साम्राज्ञी बीते करीब 29 दिनों से उनका इलाज चल रहा था। वसंत पंचमी के दिन उनकी हालत अत्यंत नाजुक हो गई थी। इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। इस खबर की पुष्टि उनकी बहन उषा मंगेशकर ने की है।

तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। केंद्रीय मंत्री गडकरी लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे।

लता जी का निधन हृदय विदारक: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, ‘लता जी का निधन मेरे लिए हृदयविदारक है। जैसा कि दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए है। उनके गीतों की विशाल श्रृंखला में, भारत के सार और सुंदरता को प्रस्तुत करते हुए, पीढ़ियों ने अपनी आंतरिक भावनाओं की अभिव्यक्ति पाई। उनकी उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।’

नायडू ने कहा,”भारत ने अपनी आवाज खो दी” उपराष्ट्रपति ने प्रख्यात गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने प्रख्यात गायिका लता मंगेशकर के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। नायडू ने’ भारतीय सिनेमा की स्वर कोकिला’ के देहावसान पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि “लता जी के निधन से भारत ने अपनी आवाज को खो दिया है।”

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा मैं शब्दों से परे पीड़ा में हूँ,

मैं शब्दों से परे पीड़ा में हूँ। दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी। मैं इसे अपना सम्मान मानता हूं कि मुझे हमेशा लता दीदी से अपार स्नेह मिला है। उनके साथ मेरी बातचीत अविस्मरणीय रहेगी।

लता दीदी के निधन पर मुझे अपने साथी भारतीयों के साथ शोक है। उनके परिवार से बात की और संवेदना व्यक्त की। शांति।लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थी।

देश की शान व संगीत जगत की सिरमौर थीं:

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, ‘देश की शान और संगीत जगत की सिरमौर लता मंगेशकर जी का निधन बहुत ही दुखद है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी। लता दीदी बेहद ही शांत स्वभाव और प्रतिभा की धनी थी।’

कला जगत की अपूरणीय क्षति: नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ‘हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वर कोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन हृदय विदारक है। यह संपूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदना।’

संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसिद्ध पार्श्वगायिका भारत रत्न सुश्री लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया।गृह मंत्री ने कहा कि “मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूँ कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति शांति”

अमित शाह ने कहा कि “सुर व संगीत की पूरक लता दीदी ने अपनी सुर साधना व मंत्रमुग्ध कर देने वाली वाणी से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया। संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।“

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ‘स्वर कोकिला, भारत रत्न आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’