17.6 C
New York
Tuesday, February 3, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news उत्तराखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन...

उत्तराखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय दौरा, राज्य होगा गौरवान्वित

8

उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर एक गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। राज्य की रजत जयंती समारोह के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो से चार नवंबर तक तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रही हैं। यह दौरा न केवल राज्य के लिए सम्मान का विषय है, बल्कि विकास यात्रा के नए संकल्पों का प्रतीक भी होगा।

दौरे का कार्यक्रम

राष्ट्रपति मुर्मू दो नवंबर की सुबह 11:25 बजे हरिद्वार पहुंचेंगी, जहां वह पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वह देहरादून पहुंचकर राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि विश्राम करेंगी।

तीन नवंबर को राष्ट्रपति सुबह 11 बजे उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष में उनका यह संबोधन प्रदेश के इतिहास में एक गौरवशाली क्षण के रूप में दर्ज होगा। उसी दिन शाम 5:30 बजे, वह नैनीताल स्थित राजभवन में 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी।

चार नवंबर को राष्ट्रपति सुबह 11:20 बजे कैंचीधाम पहुंचेंगी, जहां वह नीब करौली बाबा के दर्शन और पूजा करेंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा उत्तराखंड के लिए अभूतपूर्व महत्व रखता है। यह न केवल राज्य की पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और प्रगति को प्रदर्शित करेगा, बल्कि भविष्य की विकास दिशा को भी प्रेरित करेगा।