राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी कुरुक्षेत्र से 29 नवंबर को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का शुभारंभ

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आगामी 29 नवम्बर 2022 को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का शुभारम्भ करेंगी। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के अंत्योदय परिवारों के एक करोड़ 60 लाख से अधिक व्यक्तियों का स्वास्थ्य सर्वे किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चलाई जा रही ई-उपचार योजना के तहत 1.8 करोड़ लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का डाटा उपलब्ध है। ऐसे सभी लोगों का स्वास्थ्य डाटा एकत्र करने के लिए ई-उपचार का युनिवर्सल पोर्टल बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्रियान्वित चिरायु हरियाणा योजना व मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डी एस ढेसी, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुपमा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर,स्वास्थ्य सेवाएं के प्रबंध राजनारायण कौशिक, निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान डॉ. आदित्य दहिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिरायु हरियाणा योजना के कार्ड त्वरित गति से बनाने का कार्य किया जाए ताकि जल्द से जल्द लोगों को योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाए। उन्होंने कहा कि 5 दिसम्बर को इस योजना के 10 लाख कार्ड गांव व वार्ड स्तर पर बांटना सुनिश्चित करें।

https://twitter.com/cmohry/status/1595746465988558851?s=20&t=KLv3tFuDMBQ18GdQ310KuQ

 

योजना से जुडे़ 28 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिरायु योजना के तहत प्रदेश के लगभग 28 लाख अंत्योदय परिवारों को इस स्वास्थ्य योजना का लाभ जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य मेें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य लाभ प्रत्येक परिवार को प्रदान किया जाएगा। सरकार जल्द से जल्द इन लाभार्थियों को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए कृतसंकल्प है।

गांव स्तर पर बनाए जाएं कॉल सेंटर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जन की सहुलियत को ध्यान में रखते हुए ग्राम स्तर पर कॉल सेंटर बनाए जाएं ताकि इस योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या व त्रुटि का समाधान आसानी से किया जा सके। उन्होंने कहा कि चिरायु योजना का रजिस्ट्रेशन करने व स्वास्थ्य कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है लेकिन कई केन्द्रों पर कुछ राशि लेने की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी ऐसी शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लें और उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही करें।

प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचा किया जाएगा मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी मेडिकल केन्द्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सिविल अस्पतालों में चिकित्सक, लेबोरेट्री, स्पेशलिस्ट की नियुक्ति करने के साथ साथ आईसीयू सुविधा उपलब्ध करवाने की ओर तेजी से कार्य किया जाए।

चिरायु योजना का सुचारू ढंग से हो मुल्यांकन

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना को सुचारू ढंग से चलाने के लिए बेहतरीन टीपीए (थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर) की नियुक्ति की जाए ताकि वह समय समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन कर सरकार को वास्तविक रिपोर्ट दे। इसके लिए आगामी सप्ताह में टीपीए नियुक्ति बैठक आयोजित की जाए।