उत्तराखंड में प्री-मॉनसून ने दी दस्तक, मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

3

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 11 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक 25 से 27 जून के तक प्रदेशभर में तेज बारिश होने की सम्भावना है और इसके लिए ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है और साथ ही चारधाम यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।

प्रदेश का मौसम अब सुहाना हो गया है। गर्मी से परेशान इंसान से लेकर पशु-पक्षियों के लिए गर्मी का प्रकोप अब कम हो गया है। पहाड़ों में घूमने आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए मौसम विभाग ने सतर्क रहने की चेतावनी दी है। क्यूंकि अब उत्तराखंड में मानसून का दौर शुरू हो चुका है और इस दौरान प्रदेश में बारिश के चलते सावधानी बरतने की ज़रूरत है।

मौसम विभाग द्वारा जारी मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आज नैनीताल, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और देहरादून में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाई चलेगी। आगामी एक हफ्ते प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों में भूस्खलन भी आशंका है।

रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि पंतनगर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस था। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।