17.6 C
New York
Wednesday, February 4, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news ICC RANKING: कोहली टॉप बल्लेबाज, पृथ्वी और पंत को भी फायदा

ICC RANKING: कोहली टॉप बल्लेबाज, पृथ्वी और पंत को भी फायदा

3

आईसीसी ने ताजा वर्ल्ड रैंकिंग जारी किया है। जहां भारतीय कप्तान विराट कोहली नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज बने हुए हैं, जबकि पृथ्वी शॉ और ऋषभ पंत ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ सीरीज समाप्त होने के बाद जारी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। शॉ ने अपनी पदार्पण सीरीज में ही यादगार प्रदर्शन किया। हैदराबाद में 70 और नाबाद 33 रन की 2 पारियां खेलने के दम पर वह 13 पायदान ऊपर 60वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अपने पदार्पण मैच में शतक जड़कर रैंकिंग में 73वें स्थान पर प्रवेश किया था।

विकेटकीपर बल्लेबाज पंत ने 92 रन की पारी के दम पर 23 स्थान की छलांग लगाई है और वह 62वें नंबर पर पहुंच गए हैं। दिल्ली का यह क्रिकेटर सीरीज के शुरू में 111वें स्थान पर था। उन्होंने राजकोट में पहले मैच में भी 92 रन बनाए थे। अजिंक्य रहाणे भी 80 रन की पारी के दम पर 4 पायदान ऊपर 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

गेंदबाजों में उमेश यादव को भी 4 स्थान का फायदा हुआ है और वह गेंदबाजी रैंकिंग में 25वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उमेश भारतीय सरजमीं पर मैच में दस विकेट लेने वाले केवल तीसरे गेंदबाज बने थे, जिससे उनकी रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। वेस्ट इंडीज की तरफ से कप्तान जैसन होल्डर ने सभी विभागों में अच्छी प्रगति की है। भारत की पहली पारी में 56 रन देकर 5 विकेट लेने से वह गेंदबाजी रैंकिंग में 4 पायदान ऊपर 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

बल्लेबाजी में भी अर्धशतक जमाने से वह तीन पायदान आगे 53वें स्थान पर पहुंचने में सफल रहे। ऑलराउंडरों की सूची में भी होल्डर साउथ अफ्रीका के वर्नोन फिलैंडर की जगह तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्ट इंडीज की तरफ से पहली पारी में शतक जड़ने वाले रोस्टन चेज 10 पायदान चढ़कर 31वें जबकि शाइ होप 5 पायदान ऊपर 35वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत को सीरीज में 2-0 से जीत दर्ज करने पर 1 अंक मिला, जबकि वेस्ट इंडीज को एक अंक का नुकसान हुआ। टीम रैंकिंग में हालांकि कोई बदलाव नहीं हुआ है।