सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की ग्रामीणों को दी जानकारी,सभी कार्यकर्त्ता रहें मौजूद

7

रुद्रपुर के दानपुर ग्राम में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के तहत मोदी गारंटी प्रचार वाहन कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के विधानसभा क्षेत्र के संयोजक एवं भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक भारत भूषण चुघ,भाजपा जिला प्रभारी पुष्कर सिंह काला के साथ विभिन्न विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को केन्द्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों की अनेक समस्याओं का मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने निस्तारण भी किया।

चुघ ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्यों की ग्रामीणों को जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर संपूर्ण भारत वर्ष के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्रचार वाहन के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की संपूर्ण जानकारी लोगों तक पहुंचाकर इसका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। योजनाओं का लाभ दूरस्थ पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों तक भी पहुंचाया जा रहा है। चुघ ने कहा कि कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है आवश्यक फार्म भरवाए जा रहे हैं। साथ ही जिन लोगों को किसी भी विभाग से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी मौके पर समाधान भी किया जा रहा है। जिसका सभी को लाभ लेना चाहिए।

पीएम नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के सीएम पुष्कर सिंह धामी आम जनता की सेवा के लिए निरंतर जुटे हुए हैं। काला ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार जनता के विश्वास पर पूरी तरह से खरा उतर रही है। जिसका प्रमाण हाल में हुए विधानसभा के चुनाव परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत विश्व की मजबूत अर्थव्यवस्था बन रहा है।