17.6 C
New York
Saturday, April 11, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news उत्तराखंड में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, रुद्रप्रयाग में 3.06 तीव्रता, उत्तरकाशी में...

उत्तराखंड में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, रुद्रप्रयाग में 3.06 तीव्रता, उत्तरकाशी में भी महसूस हुई कंपन

3

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। रुद्रप्रयाग  में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.06 दर्ज की गई। यह झटके सुबह करीब 5 बजकर 2 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग से लगभग 10 किलोमीटर पूर्व में और जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है।

झटके करीब 10 से 15 सेकंड तक महसूस हुए, जिसके चलते कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

उत्तरकाशी में भी महसूस हुए झटके

उत्तरकाशी में भी सुबह करीब 5 बजकर 13 मिनट पर हल्के झटके महसूस किए गए। जिला प्रशासन के अनुसार, इसका केंद्र रुद्रप्रयाग में ही था, जिसके प्रभाव से आसपास के क्षेत्रों में कंपन महसूस हुई। हल्के झटकों के बावजूद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरकाशी भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है। यही कारण है कि हल्के झटकों पर भी लोग अधिक सतर्क हो जाते हैं।

क्या होता है भूकंप का कारण

भूकंप पृथ्वी की प्लेटों के आपस में टकराने या खिसकने से उत्पन्न होता है। जब इन प्लेटों के बीच दबाव अधिक बढ़ जाता है, तो ऊर्जा बाहर निकलती है, जिससे धरती में कंपन होता है।

कैसे मापी जाती है तीव्रता

भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर मापी जाती है, जिससे यह पता चलता है कि झटके कितने शक्तिशाली हैं और उनका असर कितना हो सकता है। फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।