सीएम धामी ने किया पुस्तक ‘उत्तराखंड राज्य का नवीन राजनीतिक इतिहास’ का विमोचन, हरीश रावत रहे विशेष अतिथि

2

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक जय सिंह रावत की नई पुस्तक “उत्तराखंड राज्य का नवीन राजनीतिक इतिहास” का विमोचन किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पुस्तक को उत्तराखंड के राजनीतिक विकास क्रम का महत्वपूर्ण, संदर्भीय और शोधपरक दस्तावेज बताया।

विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा— अब बुके नहीं, बुक दीजिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की राजनीतिक यात्रा संघर्ष, संकल्प और निरंतर बदलाव से भरी रही है। राज्य गठन के बाद पिछले 25 वर्षों के राजनीतिक व प्रशासनिक परिवर्तनों को प्रमाणिक रूप में प्रस्तुत करना चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे लेखक ने बेहद प्रभावी ढंग से निभाया है।

धामी ने बताया कि जहां राज्य के इतिहास, संस्कृति और लोक परंपराओं पर कई पुस्तकें उपलब्ध हैं, वहीं राज्य गठन के बाद की राजनीतिक घटनाओं का क्रमबद्ध विश्लेषण पहली बार इस रूप में सामने आया है। उन्होंने इसे नई पीढ़ी, शोधार्थियों और राज्य के इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए एक मार्गदर्शक पुस्तक बताया।

लेखक जय सिंह रावत ने कहा कि पुस्तक में उत्तराखंड की राजनीतिक संरचना, शासन प्रणाली, प्रशासनिक निर्णयों और विकास की दिशा का गहराई से विश्लेषण किया गया है। पुस्तक पांच भागों में विभाजित है और विशेष रूप से छात्रों, शोधकर्ताओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उपयोगी है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पुस्तक की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कृति आने वाली पीढ़ियों को राज्य के राजनीतिक सफर को विस्तार से समझने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन की पृष्ठभूमि से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को एक ही ग्रंथ में समेटना लेखक की दूरदर्शिता और परिश्रम का परिणाम है। विमोचन समारोह में कई वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।