मध्य प्रदेश के खरगोन में पुल से नीचे गिरी बस, 15 लोगों की मौत, 25 से अधिक घायल

2

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में आज 9 मई 2023 मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जब श्रीखंडी से इंदौर की ओर जा रही एक यात्री बस डोंगरगांव के पास बोराड़ नदी के पुल से नीचे जा गिरी। इस हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे का बताया जा रहा है। मृतकों में चालक, परिचालक और क्लीनर भी शामिल हैं। हादसे के बाद घायल लोगों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और खरगोन जिला अस्पताल लाया गया है। यह बस मां शारदा ट्रैवल्स की बताई जा रही है। जिसमें 40 से अधिक लोग सवार थे।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश मुख्यमंत्री शिवराज और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। वहीं राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि, घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

आर्थिक सहायत की घोषणा बस हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिवारजनों को चार लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर घायलों को 50 हजार रुपए, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।

ReadAlso; ‘द केरल स्टोरी’ को UP में किया गया टैक्स फ्री, लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ पूरी कैबिनेट के साथ देखेंगे फिल्म