Home Entertainment Bollywood ‘3 इडियट्स’ का रैंचो सोनम वांगचुक नहीं? आमिर खान ने किया बड़ा...

‘3 इडियट्स’ का रैंचो सोनम वांगचुक नहीं? आमिर खान ने किया बड़ा खुलासा

6

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ के चर्चित किरदार रैंचो (रणछोड़दास शामलदास चांचड़) को लेकर लंबे समय से चली आ रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। आमिर ने स्पष्ट कहा कि रैंचो का किरदार सामाजिक कार्यकर्ता और इंजीनियर सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था।

फिल्म रिलीज होने के बाद से यह माना जाता रहा कि रैंचो का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित है। हालांकि, सोनम वांगचुक भी पहले कई बार कह चुके हैं कि यह किरदार पूरी तरह उन पर आधारित नहीं है। अब आमिर खान के बयान के बाद इस चर्चा पर और स्पष्टता आ गई है।

आधिकारिक तौर पर ‘3 इडियट्स’ लेखक चेतन भगत के उपन्यास ‘फाइव पॉइंट समवन (5 Point Someone)’ पर आधारित है। हालांकि, फिल्म की रिलीज के समय चेतन भगत ने फिल्म में उन्हें पर्याप्त श्रेय नहीं दिए जाने को लेकर विवाद भी उठाया था।

फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी ने पहले एक साक्षात्कार में बताया था कि रैंचो का किरदार एफटीआईआई (FTII) में मिले एक ऐसे छात्र से प्रेरित था, जिसने फिल्ममेकिंग सीखने के लिए अपने दोस्त की पहचान का इस्तेमाल कर तीन साल तक पढ़ाई की। हिरानी के अनुसार, उस छात्र का उद्देश्य डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि सिर्फ सीखना था और इसी सोच ने रैंचो के किरदार को आकार दिया।

साल 2009 में रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में आमिर खान के साथ आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर और बोमन ईरानी ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं। शिक्षा व्यवस्था, जुनून और सीखने के महत्व पर आधारित यह फिल्म आज भी युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय है।