Home education बिहार में 211 नए डिग्री कॉलेजों में आज से शुरू होगी पढ़ाई, 60 हजार से अधिक छात्रों का हुआ नामांकन

बिहार में 211 नए डिग्री कॉलेजों में आज से शुरू होगी पढ़ाई, 60 हजार से अधिक छात्रों का हुआ नामांकन

0
बिहार में 211 नए डिग्री कॉलेजों में आज से शुरू होगी पढ़ाई, 60 हजार से अधिक छात्रों का हुआ नामांकन

बिहार सरकार आज राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में स्नातक स्तर की पढ़ाई की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस पहल का शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार के सभी मंत्री भी विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे।

पहले शैक्षणिक सत्र में छह विषयों—अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र—में स्नातक की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इन नए कॉलेजों में अब तक 60 हजार से अधिक छात्रों का नामांकन हो चुका है। सरकार ने कॉलेजों के संचालन के लिए प्राचार्यों और शिक्षकों की भी प्रतिनियुक्ति कर दी है।

यह पहल बिहार सरकार की ‘सात निश्चय-3’ योजना के तहत ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’ कार्यक्रम का हिस्सा है। इसका उद्देश्य राज्य के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित कर छात्रों, विशेषकर छात्राओं, को उनके घर के नजदीक उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना है। स्थायी भवन तैयार होने तक इन कॉलेजों का संचालन संबंधित प्रखंडों के चयनित प्लस-टू और बुनियादी विद्यालयों के भवनों में किया जाएगा। सरकार ने नए कॉलेज भवनों के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज कर दी है, जिन्हें तैयार होने के बाद इन संस्थानों को स्थानांतरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए संबंधित जिलों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।