
शुक्रवार को दक्षिणी मेक्सिको के चियापास राज्य के तट के पास 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। भूकंप के झटके मेक्सिको के अलावा ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर तक महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र प्यूर्टो माडेरो के पास समुद्र तट के निकट था और इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी। भूकंप के कुछ ही समय बाद 6.0 तीव्रता का एक और झटका (आफ्टरशॉक) भी महसूस किया गया, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इमारतों को तेज़ी से हिलते, दीवारों और शेल्फ़ से सामान गिरते तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागते देखा गया। भूकंप के बाद US सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने मेक्सिको और ग्वाटेमाला के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि समुद्र का जलस्तर 0.3 से 1 मीटर तक बढ़ सकता है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
भूकंप के झटके ग्वाटेमाला सिटी और अल साल्वाडोर में भी महसूस किए गए, जहां एहतियात के तौर पर कई इमारतों को खाली कराया गया। दक्षिणी मेक्सिको के ओक्साका राज्य के गवर्नर सॉलोमन जारा ने बताया कि राजधानी सहित कई क्षेत्रों में झटके महसूस हुए, लेकिन फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 7.4 मैग्नीट्यूड का भूकंप “बड़ा” (Major Earthquake) माना जाता है, जो व्यापक तबाही मचाने की क्षमता रखता है। फिलहाल अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं।












