
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के मुखिया के तौर पर लगातार 25 साल पूरे कर लिए। इस मौके पर उन्होंने दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती की। प्रधानमंत्री ने देशवासियों की खुशहाली की कामना की और राष्ट्रसेवा के अपने संकल्प को दोहराया।
7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ सफर
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वह लगातार सरकार के मुखिया रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 साल के कार्यकाल के बाद उन्होंने 2014 में देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला और इसके बाद लगातार तीन बार प्रधानमंत्री चुने गए।
मंदिर में की पूजा और आरती
25 साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को सरोजिनी नगर के श्री विनायक मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा और आरती की। प्रधानमंत्री ने देश के लोगों के स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
देशभर में कार्यक्रम आयोजित कर रहा भाजपा-एनडीए
प्रधानमंत्री के 25 साल के राजनीतिक सफर को लेकर भाजपा और उसके सहयोगी दलों की ओर से देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के लगातार सरकार के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उनके राजनीतिक और प्रशासनिक सफर पर प्रस्ताव पारित किया था।
इस अवसर पर जापान के प्रधानमंत्री की ओर से भी नरेंद्र मोदी को बधाई दी गई। प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सरकार के नेतृत्व का यह पड़ाव 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से शुरू हुआ था।












