बिहर में अपराधी बेखौफ, दशहरे पर लगातार तीसरे साल महिलाओं पर ब्लेड से वार

13

बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था दिन-ब-दिन चरमराती जा रही है। आपराधियों में प्रशासन का कोई डर नहीं है। ताजा मामला जहानाबाद जिले का है। जहां दशहरा मेले घूमने आई 20 से ज्यादा महिलाओं पर मनचलों ने ब्लेड से वार कर दिया। यह घटना शहर के ठाकुरबारी इलाके की है।

यहां कुछ मनचले युवकों ने मेले में घूम रही महिलाओं पर हमला किया और उन्हें ब्लेड मारकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि ज्यादातर महिलाओं को असामाजिक तत्वों ने कमर के नीचे ब्लेड मारकर घायल किया है।

स्‍थानीय प्रशासन को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली आनन-फानन में घायल महिलाओं को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घटना के बाद जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष और पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के लिए दशहरा मेले में पंडाल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने कहा कि पंडाल में लगे सीसीटीवी के फुटेज को फिलहाल खंगाला जा रहा है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

तीन साल से लगातार हो रही है यह वारदात

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह लगातार तीसरा साल है जब मेले में महिलाओं और लड़कियों को ब्लेड मारकर घायल किया गया है। लोगों ने कहा कि स्थानीय प्रशासन को इस बात की जानकारी थी कि पिछले 2 सालों से मेले में असामाजिक तत्व महिलाओं और लड़कियों पर ब्लेड से हमला करते हैं लेकिन इसके बावजूद भी पूरे मामले को नजरअंदाज किया गया। इस वजह से एक बार फिर से मेले में आई महिलाएं और लड़कियां ब्लेड मैन का शिकार बन गईं।