
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए तेज तूफान, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही ओलावृष्टि और बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है।
केदारनाथ में लगातार बर्फबारी
इधर केदारनाथ धाम में पिछले एक दिन से बर्फबारी का सिलसिला जारी है। आगामी 22 अप्रैल को धाम के कपाट खुलने हैं, ऐसे में खराब मौसम व्यवस्थाओं के लिए चुनौती बन सकता है।
9 अप्रैल तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 9 अप्रैल तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। शुक्रवार को भी बादल छाए रहने और हवाएं चलने के कारण मैदानी इलाकों का तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में आवाजाही नियंत्रित करने और खराब मौसम के दौरान ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने आईआरएस प्रणाली के तहत सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजस्व उप निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने को कहा गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए राज्य में सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपदा से समय रहते निपटा जा सके।













