
उत्तराखंड के नैनीताल में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मुरादाबाद से घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी-21-सीसी-1213 नंबर की कार में मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। दिनभर पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद सभी लोग वापस मुरादाबाद लौट रहे थे।
अचानक अनियंत्रित हुई कार
स्थानीय निवासी अभय बवाड़ी के अनुसार सोमवार शाम कार कालाढूंगी रोड से होते हुए नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन सरिताताल क्षेत्र के पास पहुंचा, चालक का कार पर से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़कती हुई सरिताताल झील में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया। कार में सवार कुछ लोग खुद बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो अन्य लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते मदद नहीं मिलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक सभी पर्यटक सुरक्षित बाहर निकल चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कार को झील से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
सभी पर्यटक सुरक्षित
मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि कार में सवार सभी चारों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस की निगरानी में झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।













