17.6 C
New York
Saturday, January 31, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news नेपाल दौरे पर सतपाल महाराज, भारत-नेपाल हवाई सेवा विस्तार पर दिया जोर

नेपाल दौरे पर सतपाल महाराज, भारत-नेपाल हवाई सेवा विस्तार पर दिया जोर

54

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को नेपाल के महेंद्रनगर में 16वें सुदूर पश्चिम प्रदेशस्तरीय औद्योगिक व्यापार मेला और कंचनपुर पर्यटन महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान महाराज ने भारत और नेपाल के बीच हवाई सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया।

महाराज ने कहा कि नेपाली यात्रियों के लिए भारत में प्रवेश प्रक्रिया सरल बनाई जाए। इससे दोनों देशों के बीच सद्भाव बढ़ने के साथ पर्यटन भी बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और भारत के श्री केदारनाथ धाम, वाराणसी, हरिद्वार और देहरादून जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले धार्मिक पर्यटन सर्किट की स्थापना से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन में वृद्धि होगी।

महाराज ने कहा कि औद्योगिक व्यापार मेले जैसे आयोजन विकास की दृष्टि से अहम हैं। इनसे नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश में कृषि-दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में सहयोग से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों में वृद्धि होगी। पर्यटन मंत्री ने कंचनपुर पर्यटन महोत्सव में नेपाल के विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ साथ उत्तराखंड पर्यटन के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों से विभिन्न जानकारियां भी प्राप्त कीं।

इस दौरान नेपाल के उद्योग, वाणिज्य, आपूर्ति मंत्री दामोदर भंडारी, पूर्व मुख्यमंत्री राजेंद्र सिंह रावल, पूर्व उद्योग, वाणिज्य मंत्री अब्दुल खान, नेपाल प्रदेश सरकार के मंत्री बहादुर सिंह थापा, हीरा सार्की, कृषि एवं सहकारिता मंत्री वीर बहादुर थापा, पूर्व मंत्री ओम विक्रम, उद्योग वाणिज्य संघ नेपाल के अध्यक्ष पीतांबर जोशी, दुर्गा दत्त वोहरा आदि उपस्थित रहे।