17.6 C
New York
Monday, February 2, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news रुद्रप्रयाग का क्यूडी दशज्यूला गांव बना नशा मुक्त गांव, शराब पर पूर्ण...

रुद्रप्रयाग का क्यूडी दशज्यूला गांव बना नशा मुक्त गांव, शराब पर पूर्ण प्रतिबंध

21

रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायत क्यूडी दशज्यूला ने नशा मुक्त गांव की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। पंचायत की सार्वजनिक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में शराब का सेवन, बिक्री और किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में मदिरा परोसने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

पंचायत के निर्णय के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने पर 21 हजार रुपये का जुर्माना और सामाजिक बहिष्कार जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्राम प्रधान चंदा देवी ने बताया कि शराब के कारण गांव में पारिवारिक विवाद और कलह बढ़ रहे थे। महिलाओं और बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

ग्रामीणों ने पंचायत के इस निर्णय का स्वागत किया है। पूनम देवी ने कहा कि शराबबंदी से युवाओं को सही दिशा मिलेगी और वे शिक्षा व रोजगार पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। उन्होंने इसे सभी ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण रावत ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शराब पर रोक से घरेलू हिंसा और आपसी झगड़ों में कमी आएगी। वहीं महिला मंगल दल की अध्यक्ष कमला देवी ने कहा कि यह फैसला गांव की महिलाओं के लिए बड़ी राहत है और इसे सफल बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। पंचायत ने सभी ग्रामीणों से नियमों का पालन करने और क्यूडी दशज्यूला को पूर्ण नशा मुक्त गांव बनाने में सहयोग की अपील की है।