17.6 C
New York
Tuesday, February 3, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news राहुल गांधी को ‘जान से मारने’ की धमकी, कांग्रेस ने गृह मंत्री...

राहुल गांधी को ‘जान से मारने’ की धमकी, कांग्रेस ने गृह मंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग

8

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई है। पार्टी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप और सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस का दावा है कि भाजपा प्रवक्ता और पूर्व एबीवीपी नेता प्रिंटू महादेव ने मलयालम टीवी चैनल की एक बहस के दौरान कहा कि “राहुल गांधी के सीने में गोली मारी जाएगी।” पार्टी का कहना है कि यह महज जुबान फिसलना नहीं बल्कि विपक्ष के नेता को सीधी धमकी है।

वेणुगोपाल ने पत्र में लिखा कि यदि भाजपा इस प्रवक्ता पर तुरंत कार्रवाई नहीं करती तो यह हिंसा को सामान्य बनाने और उसमें मिलीभगत के तौर पर देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल के आधिकारिक प्रवक्ता की ओर से इस तरह की जहरीली टिप्पणी लोकतांत्रिक ढांचे और नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

कांग्रेस नेता ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि राहुल गांधी की सुरक्षा संभाल रही सीआरपीएफ पहले भी कई बार खतरे की चेतावनी दे चुकी है। हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखा गया सीआरपीएफ का पत्र रहस्यमय परिस्थितियों में मीडिया में लीक हो गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और उसके राजनीतिक इस्तेमाल पर सवाल उठते हैं।

वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता के बयान से “साजिश की बू आती है” और यह साफ संकेत देता है कि राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा को जायज ठहराने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने और संबंधित भाजपा प्रवक्ता पर सख्त कदम उठाने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले को हल्के में लिया गया तो इसे लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज पर सीधा हमला माना जाएगा।