प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्वोत्तर दौरा, मिजोरम में रेलवे लाइन का उद्घाटन, कई परियोजनाओं की आधारशिला

1

पूर्वोत्तर भारत को नई रफ़्तार देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर पूर्वोत्तर राज्य पहुंचे। दौरे के पहले दिन उन्होंने मिजोरम में एक नई रेलवे लाइन का उद्घाटन किया और कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री का यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि यह मणिपुर में हिंसा भड़कने के दो साल बाद उनका पहला दौरा होगा।

पूर्वोत्तर बनेगा भारत का विकास इंजन

मिजोरम की राजधानी में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर के विकास को अपनी प्राथमिकता में रखा है। आज यह क्षेत्र भारत का विकास इंजन बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में पूर्वोत्तर के कई राज्य पहली बार भारत के रेल मानचित्र से जुड़े हैं। ग्रामीण सड़कों का चौड़ीकरण, नए राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण, और तेज़ी से फैलते मोबाइल नेटवर्क तथा इंटरनेट कनेक्शन ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है।

मोदी ने कहा कि बिजली, नल का पानी, एलपीजी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहले जहाँ सपना लगती थीं, आज वहाँ लोगों की हकीकत बन रही हैं। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के अवसरों में भी बढ़ोतरी हो रही है।

हवाई और रेल कनेक्टिविटी को नई दिशा

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मिजोरम को अब उड़ान योजना का भी लाभ मिलेगा। जल्द ही राज्य में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी, जिससे दुर्गम इलाकों तक पहुंच आसान हो जाएगी। उन्होंने बताया कि कलादान मल्टीमॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट परियोजना और सैरांग–ह्मांगबुचुआ रेलवे लाइन मिजोरम को बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ेंगी। यह न केवल व्यापार को नई रफ़्तार देगी बल्कि पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगी।

प्रधानमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि मिजोरम ‘एक्ट ईस्ट नीति’ का एक अहम केंद्र है। “पूर्वोत्तर हमारे देश का प्रवेश द्वार है और मिजोरम उसका महत्वपूर्ण हिस्सा। नई परियोजनाएं इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापार का सेतु बनाने में सहायक होंगी,”।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नई सड़कें, रेललाइनें और बंदरगाह सुविधाएं क्षेत्र को थाईलैंड, म्यांमार, बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों से जोड़ेंगी, जिससे स्थानीय उद्योगों को बड़ा बाज़ार मिलेगा।

मिजोरम की जनता को सराहा

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने मिजोरम के लोगों के योगदान का विशेष रूप से ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक मिजोरम हमेशा अग्रणी रहा है। त्याग, सेवा, साहस और करुणा यहाँ की समाज व्यवस्था के केंद्र में हैं।

उन्होंने कहा, “आज का दिन न सिर्फ मिजोरम बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। राज्य भारत की विकास यात्रा में एक अहम साझेदार के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। आने वाले वर्षों में मिजोरम पूर्वोत्तर की ताकत और भारत के आत्मनिर्भरता अभियान की धुरी बनेगा।”

मणिपुर दौरे पर भी नज़र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दूसरे चरण में मणिपुर भी जाएंगे। मणिपुर में दो वर्ष पहले भड़की हिंसा के बाद यह उनकी पहली यात्रा है। सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन वहां विशेष इंतज़ाम कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा न केवल विकास परियोजनाओं के लिहाज से अहम है बल्कि पूर्वोत्तर में शांति और स्थिरता के संदेश के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।