17.6 C
New York
Friday, January 16, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news चारधाम यात्रा की तैयारियां चरम पर, कपाट खुलने के दिन होगी हेलिकॉप्टर...

चारधाम यात्रा की तैयारियां चरम पर, कपाट खुलने के दिन होगी हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा

उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 30 अप्रैल से शुरू हो रही इस पवित्र यात्रा को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए पर्यटन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं..

63

उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 30 अप्रैल से शुरू हो रही इस पवित्र यात्रा को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए पर्यटन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रा के शुभारंभ पर चारों धामों में हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी।

अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को और बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खोले जाएंगे। इन पावन अवसरों पर पुष्प वर्षा कर वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बनाया जाएगा।

पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण को पुष्प वर्षा की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

इस बार चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 16.81 लाख से अधिक तीर्थयात्री ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं। इसमें सबसे अधिक केदारनाथ के लिए 5,71,813, बदरीनाथ के लिए 5,03,991, गंगोत्री के लिए 3,00,907 और यमुनोत्री के लिए 2,78,085 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं।

पर्यटन विभाग का मानना है कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और दिव्यता को सुनिश्चित करने के लिए शासन हर स्तर पर कार्य कर रहा है।