
प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि युद्ध जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति करना सही नहीं है। उन्होंने खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर सरकार से ठोस योजना बताने की मांग की।
लोकसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि मौजूदा हालात में लोगों की जान खतरे में है और ऊपर से बमबारी हो रही है। ऐसे में सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की क्या रणनीति है।
संसद में चर्चा की मांग
प्रियंका गांधी ने कहा कि पूरा देश इस मुद्दे पर एकजुट है, लेकिन समस्या का समाधान निकालना जरूरी है। उन्होंने इस विषय पर संसद में चर्चा कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे सुझाव सामने आएंगे और बेहतर समाधान मिल सकेगा।
महंगाई और ईंधन संकट पर भी सवाल
उन्होंने कहा कि युद्ध के चलते गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ रही हैं और आम लोगों के लिए इसे खरीदना मुश्किल हो गया है। साथ ही भविष्य में पेट्रोल-डीजल की कमी की आशंका भी जताई और सरकार से पूछा कि इस स्थिति से निपटने के लिए क्या योजना है।
पीएम मोदी का जवाब
इससे पहले, केरल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सरकार खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध के प्रभाव को भारत पर कम से कम रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से ही वे विभिन्न देशों के नेताओं के संपर्क में हैं और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कांग्रेस पर पलटवार
प्रियंका गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बयान खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं और पार्टी राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है।
मौजूदा हालात में खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और आर्थिक प्रभाव को लेकर राजनीतिक बहस तेज होती जा रही है।













