पीएनबी घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी की बेल्जियम में गिरफ्तारी, भारत लाने की प्रक्रिया शुरू

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में हुए 13,850 करोड़ रुपए के घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील पर स्थानीय अधिकारियों ने यह कार्रवाई की।

2

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में हुए 13,850 करोड़ रुपए के घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील पर स्थानीय अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। चोकसी को जेल में रखा गया है और अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है।

CBI की अपील पर हुई गिरफ्तारी

बेल्जियम में भारतीय एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली जब CBI द्वारा जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर मेहुल चोकसी को हिरासत में लिया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तारी उन दो वारंटों के आधार पर की गई जो 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए गए थे। गौरतलब है कि चोकसी पिछले कई वर्षों से फरार था और बार-बार स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर भारत आने से बचता रहा। वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालतों से जुड़ता था, लेकिन पेशी में कभी हाज़िर नहीं होता था।

पिछले महीने खुलासा हुआ कि चोकसी बेल्जियम में रह रहा है, और उसने 15 नवंबर 2023 को ‘एफ रेजिडेंसी कार्ड’ हासिल कर लिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसकी पत्नी बेल्जियम की नागरिक हैं, जिसका फायदा उठाकर उसने बेल्जियम में स्थायी निवास (रेजिडेंसी) के लिए आवेदन किया। लेकिन यह भी सामने आया है कि उसने आवेदन के दौरान फर्जी दस्तावेज दिए और भारत व एंटीगुआ की नागरिकता छुपाई। साल 2018 में भारत छोड़ने से पहले, चोकसी ने एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी। इसके बाद वह कानूनी दांव-पेंचों और स्वास्थ्य का बहाना बनाकर भारतीय एजेंसियों से बचता रहा।

अब क्या होगा आगे?

मेहुल चोकसी को भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने कागजी कार्यवाही शुरू कर दी है। चोकसी जमानत की अर्जी दाखिल कर सकता है, लेकिन भारत सरकार इस बार उसे सख्ती से भारत लाने के मूड में है। यह गिरफ्तारी देश के सबसे बड़े बैंकिंग घोटालों में से एक के निपटारे की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।