17.6 C
New York
Saturday, February 14, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home desh ऑपरेशन सिंदूर की मार से बौखलाया पाकिस्तान, BSF ने सांबा में घुसपैठ...

ऑपरेशन सिंदूर की मार से बौखलाया पाकिस्तान, BSF ने सांबा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, 7 आतंकी ढेर

64

भारत-पाक सीमा पर तनाव के बीच भारतीय सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) ने जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। पाकिस्तान की ओर से सीमा पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे सात आतंकियों को मार गिराया गया है, जो प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे।

ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में घुसपैठ की नापाक कोशिश

यह घुसपैठ ऐसे समय पर हुई जब भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत पाकिस्तान की तरफ से हो रहे ड्रोन हमलों और एलओसी पर सीजफायर उल्लंघनों का कड़ा जवाब दिया था। 8 और 9 मई की रात पाकिस्तान की सेना ने जम्मू, पठानकोट, उधमपुर समेत पश्चिमी सीमा पर एक साथ कई जगहों पर हमले की कोशिश की, जिसे भारतीय सेना ने पूरी तरह से विफल कर दिया।

ड्रोन हमले और सीजफायर उल्लंघन का भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

भारतीय सेना ने जानकारी दी कि पाकिस्तान ने ड्रोन और अन्य आधुनिक हथियारों के जरिए भारतीय क्षेत्रों को निशाना बनाया, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के तहत इन सभी हमलों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया। सेना ने यह भी बताया कि एलओसी पर बार-बार सीजफायर उल्लंघन किया गया, जिसका भारत ने सख्त जवाब दिया।

पाकिस्तान ने 15 शहरों को बनाया निशाना, सभी हमले नाकाम

पाकिस्तान की बौखलाहट इस हद तक बढ़ चुकी है कि उसने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान के जैसलमेर तक भारत के करीब 15 शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की। लेकिन भारतीय सेना की तत्परता और जवाबी रणनीति के चलते इन सभी हमलों को विफल कर दिया गया।

भारतीय सेना ने स्पष्ट कहा है कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सेना ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी नापाक मंसूबे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और यदि कोई भारत की एकता व अखंडता को चुनौती देगा, तो उसका वही हश्र होगा जो इन घुसपैठियों का हुआ।

BSF और भारतीय सेना की सतर्कता और अदम्य साहस ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि भारत हर मोर्चे पर तैयार है और किसी भी खतरे को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। ऑपरेशन सिंदूर अब पाकिस्तान के लिए एक चेतावनी बन चुका है, भारत अब सिर्फ सहता नहीं, समय पर करारा जवाब भी देता है।