अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली में ‘महिला समृद्धि योजना’ का शुभारंभ, पात्र महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपये

4

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को महिला समृद्धि योजना का शुभारंभ करने जा रही हैं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में 2500 रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी। योजना की घोषणा के तुरंत बाद इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और पात्रता सत्यापन के बाद महिलाओं के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी।

हालांकि, अभी तक इस योजना का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इसके संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से होगा ऐलान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस योजना की औपचारिक घोषणा जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से करेंगी। इस मौके पर उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि योजना की घोषणा होते ही इसका ड्राफ्ट पास किया जाएगा और इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन होगा या ऑफलाइन?

महिला समृद्धि योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया को लेकर यह सवाल बना हुआ था कि महिलाओं को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने होंगे या फिर वे घर बैठे आवेदन कर सकेंगी। टाइम्स ऑफ इंडिया के सूत्रों के मुताबिक, इस योजना के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी जाएगी। इसके लिए दिल्ली सरकार एक नई वेबसाइट और मोबाइल एप लॉन्च कर सकती है। यदि कोई नया पोर्टल नहीं बनाया जाता, तो ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।

महिला समृद्धि योजना के लिए पात्रता शर्तें

इस योजना के तहत केवल दिल्ली की गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को लाभ मिलेगा। आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी पात्रता शर्तें तय की गई हैं—

  • आवेदक महिला दिल्ली की निवासी होनी चाहिए।
  • सरकारी नौकरी में कार्यरत महिला या रिटायर्ड कर्मचारी इस योजना का लाभ नहीं उठा सकती।
  • महिला गरीबी रेखा (BPL) के नीचे हो या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की श्रेणी में आती हो।
  • परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख से 3 लाख रुपये के बीच होनी चाहिए।
  • आवेदक की उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
  • महिला पहले से किसी अन्य सरकारी वित्तीय सहायता योजना का लाभ नहीं ले रही हो।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज

यदि कोई महिला इस योजना की पात्रता को पूरा करती है, तो Mahila Samriddhi Yojana Online Apply के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी—

  • आधार कार्ड
  • दिल्ली का निवासी प्रमाण पत्र
  • बीपीएल कार्ड (गरीबी रेखा से नीचे होने का प्रमाण)
  • आधार कार्ड से लिंक बैंक अकाउंट नंबर
  • आधार से लिंक मोबाइल नंबर
  • आय प्रमाण पत्र
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)

ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर करना होगा रजिस्ट्रेशन

अगर आपने अब तक दिल्ली सरकार के ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, तो इसे जल्द से जल्द करवा लें। अब तक दिल्ली में 450 से अधिक सरकारी सेवाओं और योजनाओं के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल का उपयोग किया जाता रहा है। यदि इस योजना के लिए कोई नया पोर्टल नहीं बनाया गया, तो ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल ही आवेदन का प्रमुख माध्यम होगा। ऐसे में यूजर आईडी और पासवर्ड पहले से तैयार रखना फायदेमंद रहेगा।

महिलाओं के खातों में कब आएंगे 2500 रुपये?

दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि लाभार्थियों की सूची तैयार करने और उनके खातों में पैसे ट्रांसफर करने की प्रक्रिया में लगभग 45 दिन (डेढ़ महीने) का समय लग सकता है। दिल्ली में विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में इस योजना का वादा किया था, जिसे अब लागू किया जा रहा है।

महिला समृद्धि योजना दिल्ली की जरूरतमंद महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता योजना साबित हो सकती है। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। 8 मार्च को आधिकारिक ऐलान के बाद इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में इच्छुक महिलाएं अपनी जरूरी दस्तावेजों की तैयारी अभी से शुरू कर सकती हैं ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।