संस्कृति मंत्रालय ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत मनाया अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस

0

आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) और यूनेस्को नई दिल्ली क्लस्टर कार्यालय के सहयोग से नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर संस्कृति सचिव, गोविंद मोहन; एरिक फाल्ट, निदेशक, यूनेस्को क्लस्टर ऑफिस, प्रसिद्ध गीतकार और कवि प्रसून जोशी उपस्थित थे।

साहित्य नाटक अकादमी के कलाकारों द्वारा कथक के साथ सरस्वती वंदना औरउसके बाद कवियों द्वारा अपनी-अपनी मातृभाषा में कविता पाठ और दिलचस्प समूह नृत्य की प्रस्तुति की गई।

भाषायी और सांस्कृतिक विविधता के बारे में जागरूकता बढ़ाने और बहुभाषावाद को बढ़ावा देने के लिए दुनियाभर में हर साल 21 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाता है। इस विशेष दिन को मनाने के लिए हर साल यूनेस्को एक अनूठी थीम चुनता है। अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाने का विचार सबसे पहले बांग्लादेश से आया था। साल 2022 का विषय है:‘बहुभाषी शिक्षा के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग: चुनौतियां और अवसर’, यह बहुभाषी शिक्षा और सभी के सीखने व गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के विकास को आगे बढ़ाने में प्रौद्योगिकी की संभावित भूमिका पर केंद्रित है।

उद्घाटन संबोधन में संस्कृति मंत्रालय की संयु्क्त सचिव उमा नंदूरी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर गोविंद मोहन ने भारत की स्थानीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। संयुक्त राष्ट्र की टिप्पणियों का संदर्भ देते हुए, गोविंद मोहन ने कहा कि वर्ष 2100 तक दुनिया की आधी भाषाएं विलुप्त हो जाएंगी; विलुप्त होने की दर इतनी है कि हर दो सप्ताह में एक स्थानीय भाषा समाप्त हो रही है। आज हम यहां ‘अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस’ मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं जिससे भारत की स्वदेशी भाषाओं को संरक्षित करने के साथ ही उसे बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि भारत में एक कहावत लोकप्रिय है ‘कोस-कोस पे पानी बदले, चार कोस पे वाणी’, यह बात स्पष्ट रूप से हमारे देश में बोली जाने वाली भाषाओं की बहुलता का बखान करती है।

हालांकि, समय के साथ भारत की मूल भाषाओं पर लुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है क्योंकि मातृभाषा बोलने वाले लोग कम होते जा रहे हैं और प्रमुख भाषाओं को ही अपनाया जा रहा है। यह भारत के लोगों और समुदायों का सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि वे बहुभाषी विविधता के संरक्षण और परिरक्षण के लिए एक साथ आएं, जो हमारी सांस्कृतिक संपदा का एक हिस्सा है।

मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कवि, गीतकार और लेखक प्रसून जोशी ने अपने हास्य, ज्ञानवर्धक अनुभवों और अपनी कुछ कविताओं के पाठ से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मातृभाषा को आगे ले जाने के लिए युवा पीढ़ी की भागीदारी जरूरी है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व का अनुभव होना चाहिए और इसका भरपूर उपयोग करना चाहिए अन्यथा हम इसे खो सकते हैं। हम दूसरी भाषाओं को सीखना जारी रख सकते हैं, जो एक कौशल प्राप्त करने जैसा है, लेकिन यह मातृभाषा ही होती है जो हमारे सांस्कृतिक लोकाचार से भावनात्मक लगाव पैदा करती है।

इसके अलावा, डीन आईजीएनसीए प्रोफेसर रमेश सी. गौर द्वारा लिखित ‘भारत की जनजातीय और देशज भाषाएं’ पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के बाद वर्चुअल पैनल चर्चा और अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के विषय ‘बहुभाषी शिक्षा के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग: चुनौतियां और अवसर’ पर सत्र आयोजित किया गया, जो 22 फरवरी 2022 तक चलेगा।