
घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने बुकिंग प्रतिबंध नियमों में बड़ा संशोधन किया है, जिससे अब सिलिंडर बुकिंग प्रक्रिया पहले से ज्यादा सरल और पारदर्शी हो जाएगी।
नए निर्देशों के मुताबिक, अब सामान्य उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल पर दूसरा गैस सिलिंडर बुक कर सकेंगे। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े लाभार्थियों के लिए यह अवधि 45 दिन तय की गई है।
खत्म हुआ अलग-अलग नियमों का झंझट
पहले गैस बुकिंग की समय-सीमा अलग-अलग क्षेत्रों और परिस्थितियों के आधार पर तय होती थी, जिससे उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी रहती थी। अब सरकार ने इस जटिल व्यवस्था को खत्म कर एक समान नियम लागू कर दिया है।
सबसे अहम बदलाव यह है कि शहरी, ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के आधार पर लगाए गए प्रतिबंध पूरी तरह हटा दिए गए हैं। इससे अब हर उपभोक्ता के लिए नियम एक जैसे होंगे।
उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा
इस नए नियम से खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जहां पहले अलग-अलग नियमों के कारण गैस आपूर्ति में देरी होती थी।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि लंबे समय से बुकिंग प्रक्रिया को आसान और एकरूप बनाने की मांग की जा रही थी।
वितरण व्यवस्था होगी मजबूत
गैस एजेंसी संचालकों का भी मानना है कि इस बदलाव से वितरण प्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी। अलग-अलग नियमों के कारण आने वाली तकनीकी और प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं अब खत्म हो जाएंगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर इन नए नियमों का सख्ती से पालन किया गया तो गैस की कृत्रिम किल्लत पर लगाम लगेगी और उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर मिल सकेगा।
हाल के दिनों में गैस की उपलब्धता को लेकर सामने आई शिकायतों के बीच सरकार का यह फैसला बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।













