
उत्तराखंड भाजपा को एक बार फिर महेंद्र भट्ट के रूप में नया नहीं, बल्कि अनुभवशील नेतृत्व मिला है। मंगलवार को प्रदेश भाजपा की प्रांतीय परिषद की बैठक में भट्ट को औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने उनके निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। महेंद्र भट्ट ने प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को अपना नामांकन सौंपा था।
भट्ट के नामांकन को कुल पांच सेटों में दाखिल किया गया था, जिनमें दस प्रमुख नेताओं ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए। प्रमुख प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा शामिल रहे।
इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल सहित अनेक विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद के लिए भी आठ वरिष्ठ नेताओं का चयन किया गया है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत जैसे नाम प्रमुख हैं। भाजपा संगठन में इस निर्विरोध चुनाव को एकता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक माना जा रहा है।