
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर ऐलागाड़ और कुलागाड़ के बीच सोमवार देर रात हुए भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। पहाड़ी से खिसकी विशालकाय चट्टान सड़क पर आ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे सैकड़ों की संख्या में यात्री रास्ते में फंस गए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूस्खलन की यह घटना रात के समय हुई, जब अधिकतर यात्री आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन हेतु यात्रा पर थे या वापस लौट रहे थे। चट्टानों और मलबे के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंच गई और सड़क को खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि यदि मौसम ने साथ दिया, तो मार्ग को आज देर शाम तक वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
धारचूला के उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) मंजीत सिंह ने बताया कि भूस्खलन की वजह से भारी बोल्डर और मलबा मार्ग पर जमा हो गया है। इसे हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
इस भूस्खलन से न केवल यात्रियों को बल्कि स्थानीय लोगों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।