झांसी: बुंदेलखंड में माफियाओं का बोलबाला हुआ समाप्त, बोले सीएम योगी- माफियाओं से ब्याज सहित वसूली सरकार ने शुरू कर दी

3

मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने गुरुवार को झांसी को 307.24 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम ने भारतीय जनता पार्टी के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 से पहले माफिया गरीबों और व्यापारियों की संपत्ति हड़प लिया करते थे,लेकिन आज भाजपा की सरकार उनसे यह संपत्ति ब्याज समेत वापस ले रही है।

सीएम ने कहा की बुंदेलखंड डकैती से मुक्त हुआ है। यहां पर माफियाओं और अपराधियों का बोलबाला समाप्त हुआ है। ये माफिया पहले गरीबों की संपत्ति पर कब्जा करने के साथ व्यापारियों की संपत्तियां हड़प लेते थे। सत्ता की धमक दिखाकर प्रशासन को दरकिनार कर राह चलते हुए लोगों का जीना हराम करते हुए यहां के संसाधनों की लूट खसोट करते थे। आज सरकार ने ब्याज सहित इसकी वसूली शुरू कर दी है। माफिया कहीं भी छिपा है उसे ढूंढकर पुलिस उसका इलाज कर रही है।

सीएम ने आगे कहा की अवैध तरीके से सरकारी संसाधनों को लूटने, गरीब और व्यापारी की संपत्ति पर कब्जा करने वाले अपराधियों की जमीन पर कब्जा खाली नहीं हुआ है तो ब्याज सहित उसे खाली कराने की तैयारी चल रही है। वर्ष 2017 के पहले ये माफिया गरीबों और व्यापारियों के लिए संकट बने हुए थे। सत्ता की धमक दिखा करके प्रशासन और पुलिस को भी प्रताड़ित करते थे। आज वही पुलिस इन माफियाओं के काल बन चुकी है। माफियाओं की जब्त गई संपत्ति पर महिला संरक्षण गृह और गरीबों के आवास बनाए जाएंगे। साथ ही इससे विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

इसके अलावा उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यहां के जिम्मेदार लोगों ने बुंदेलखंड की हमेशा बदरंग तस्वीर ही पेश की, जिसे सुधारने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया था और प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। बुंदेलखंड असीम संभावनाओं से भरा हुआ है। पर्यटन के क्षेत्र में यहां असीम संभावना है। जरूरत इस दिशा में काम करने की है। डिफेंस कॉरिडोर के जरिए सरकार का यह प्रयास लगातार जारी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में बुंदेलखंड की तस्वीर बदली। पानी की समस्या से जूझने वाले बुंदेलखंड को अब भरपूर पानी मिल रहा है। आज बुंदेलखंड में बेहतर कनेक्टिविटी है। बुंदेलखंड के नौजवानों को नौकरी और रोजगार भी मिला है। बुंदेलखंड डकैती से मुक्त हुआ है और अपराधियों का बोलबाला समाप्त हुआ है। इस दौरान उन्होंने 307.24 करोड़ की 93 परियोजनाओं का लोकार्पण और 20.24 करोड़ की नौ परियोजनाओं का शिलान्यास किया। बता दें कि सीएम यहां प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर भाजपा के निकाय चुनाव के अभियान का शंखनाद करेंगे।