17.6 C
New York
Wednesday, February 25, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news केदारनाथ में हेलिकॉप्टर हादसा, कोहरे ने ली जान, दर्शन कर लौट रहे...

केदारनाथ में हेलिकॉप्टर हादसा, कोहरे ने ली जान, दर्शन कर लौट रहे सभी श्रद्धालुओं की मौत

18

रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब केदारनाथ से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर के क्रैश होते ही उसमें आग लग गई, जिससे उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 23 महीने की बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।

इस हादसे के समय इलाके में घना कोहरा था और विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई थी। हेलिकॉप्टर ने केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही दूरी पर जाकर वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद कोहरा छंट गया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।

हेलिकॉप्टर को सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल राजवीर सिंह चौहान उड़ा रहे थे। यह उनका अंतिम मिशन था। इससे पहले 18 अक्टूबर 2022 को भी आर्यन हेली एविएशन का एक हेलिकॉप्टर इसी रूट पर क्रैश हुआ था, जिसमें सात लोगों की मौत हुई थी। वर्ष 2018 में भी कंपनी का एक हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हो चुका है।

रविवार को हुए हादसे के बाद राज्य सरकार ने सभी हेली सेवाओं को अगली सूचना तक बंद कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए हेली सेवाओं के संचालन को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब से हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूरी जांच की जाएगी और उड़ान से पहले मौसम की सटीक जानकारी लेना अनिवार्य होगा। साथ ही एक सख्त एसओपी तैयार की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

यह हादसा न सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए बल्कि पूरी यात्रा व्यवस्था के लिए एक गंभीर चेतावनी है। श्रद्धा और आस्था की यह यात्रा भविष्य में सुरक्षित रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।