
बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना से जुड़े एक कथित ऑडियो क्लिप ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। इसमें गैंगस्टर लारेंस विश्नोई को ‘ढोंगी’ और ‘देश का सबसे बड़ा गद्दार’ बताते हुए कहा गया है कि उनका नाम किसी और के साथ जोड़कर अपमान न किया जाए। साथ ही संतों के अपमान का अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। पुलिस इस ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है।
ऑडियो क्लिप और गैंगस्टर कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक, वायरल ऑडियो में गोल्डी बरार और वीरेंद्र चारण का नाम सामने आ रहा है, लेकिन आवाज की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस को शक है कि ऑडियो को दो हिस्सों में एडिट कर तैयार किया गया है। इससे पहले गोल्डी बरार और लारेंस विश्नोई के करीबी रिश्ते रहे हैं और कई बड़े मामलों में दोनों के नाम सामने आ चुके हैं। हालांकि हाल के महीनों में गोल्डी बरार ने रोहित गोदारा के साथ मिलकर अलग गैंग बना लिया है।
FIR में क्या लिखा गया
दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार तड़के 3:30 बजे उनके घर के बाहर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग की। टोकने पर एक हमलावर ने उन पर निशाना साधकर गोली चलाई। उन्होंने पिलर के पीछे फर्श पर लेटकर अपनी जान बचाई।
जगदीश पाटनी के अनुसार, गुरुवार को तड़के 4:30 बजे भी दो युवक घर के बाहर आए थे। शुक्रवार को उनका कुत्ता भौंका तो उन्होंने बालकनी में आकर देखा। नीचे बाइक सवार दो लोग थे। टोकने पर फायरिंग कर दी गई।
घटना के बाद दिशा पाटनी ने बहन खुशबू और मां पदमा से फोन पर बात कर उनका हालचाल लिया। पुलिस ने परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है। दो गनर तैनात किए गए हैं और चार पुलिसकर्मी घर के बाहर चौकसी कर रहे हैं। वहीं कॉलोनी में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, मुख्य द्वार पर लोहे का गेट लगाया जा रहा है।
संत प्रेमानंद को लेकर सफाई
जगदीश पाटनी ने कहा कि उनका पूरा परिवार सनातन संस्कृति से जुड़ा है और संत प्रेमानंद जी का सम्मान करता है। सोशल मीडिया पर बेटी के कमेंट को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि दिशा पाटनी ने पहले ही सोशल मीडिया पर खेद जताया था, लेकिन कुछ लोग व्यूज बढ़ाने के लिए आवाज और पोस्ट एडिट कर रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
देहरादून और मुंबई पुलिस मिलकर जांच कर रही है कि वायरल ऑडियो में किसकी आवाज है। जांच में यह भी सामने आया कि गोल्डी बरार गैंग से जुड़ी कथित पोस्ट पुर्तगाल की आईडी से की गई थी। शुक्रवार को जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट शनिवार सुबह डिलीट कर दी गई और शाम को अकाउंट भी हटा दिया गया।