17.6 C
New York
Sunday, February 15, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news दिल्ली हिंसा: जामिया के छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर किया प्रदर्शन,...

दिल्ली हिंसा: जामिया के छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

3

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई साम्प्रदायिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। जामिया समन्वय समिति ने आधी रात को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का आह्वान किया था। इस समिति में विश्वविद्यालय के छात्र और पूर्व छात्र शामिल हैं। छात्रों ने कहा कि उन्हें कथित तौर पर हिरासत में लेकर सिविल लाइन्स पुलिस थाने ले जाया गया। उन्होंने पुलिस पर पानी की बौछारें छोड़ने और बल का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।पुलिस ने स्वीकार किया कि उन्होंने छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ीं।  

दिल्ली विश्वविद्याल के छात्रों के एक समूह ने भी जामिया के छात्रों को साथ दिया। कुल 41 छात्रों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन पुलिस थाने ले जाया गया। इनमें आठ छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय के हैं। इनमें से कई को रिहा कर दिया गया है और अन्य को रिहा करने की प्रक्रिया जारी है। गौरतलब है कि दिल्ली में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का समर्थन करने वाले और विरोध करने वाले समूहों के बीच संघर्ष ने साम्प्रदायिक रंग ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने कई घरों, दुकानों तथा वाहनों में आग लगा दी और एक-दूसरे पर पथराव किया। इन घटनाओं में बुधवार तक कम से कम 20 लोगों की जान चली गई और करीब 200 लोग घायल हो गए।