गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा के नियमों में हुआ बदलाव, भीड़ के चलते प्रशासन ने बनाये नए नियम

8

चारधाम यात्रा 2024 इस बार अपने पीक पर है शुरु में ही यात्रियों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है जिससे प्रशासन का काम और बढ़ गया है. गंगोत्री और यमुनोत्री में दर्शन कर चुके यात्रियों की संख्या एक लाख के पार पहुँच चुकी है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह संख्या आने वाले दिनों में तेजी से बढ़ सकती है। पिछले दिनों इन धामों में पहुंचे यात्रियों की संख्या अपेक्षा से ज्यादा थी। जिस कारण यात्रियों के साथ-साथ मंदिर प्रबंधकों और पुलिस टीम को भी ख़ासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। अब भक्तों की संख्या को नियमित करने और सभी यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने विशेष कार्य योजना जारी कर दी है।

यात्रा के नियम

बता दें कि अब रात 11 बजे के बाद यात्रा पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि रात 8 बजे के बाद यात्रियों को होटल बुकिंग तक जाने की अनुमति है। होटल बुकिंग तक जाने के लिए श्रद्धालुओं को बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों को होटल बुकिंग के संबंध में जानकारी व आवश्यक प्रमाण उपलब्ध कराना जरूरी होगा। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर सुबह चार बजे से ही आवागमन शुरू होगा।

पैदल मार्ग शाम पांच बजे बाद बंद 

इसके अलावा यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर शाम 5 बजे के बाद कोई भी यात्री जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम दर्शन के लिए नहीं जा पाएगा। डंडी -कंडी और घोड़े-खच्चर लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की समयावधि भी निर्धारित की गई है। इसी के साथ रात 8:30 बजे के बाद यानी गंगा-यमुना आरती के बाद किसी भी यात्री को मंदिर परिसर में अनावश्यक रूप से रहने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा यात्री वाहन को किसी भी पड़ाव पर दो घंटे से ज्यादा नहीं रोका जाएगा।