
उत्तराखंड में भारी बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यमुनोत्री धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर लगभग 1000 से अधिक श्रद्धालु विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। जानकीचट्टी, फूलचट्टी, खरसाली, राना चट्टी और स्याना चट्टी क्षेत्रों में यमुनोत्री हाईवे बंद होने के कारण यात्री आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जानकारी दी कि मौसम विभाग के भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
प्रमुख स्थलों पर रोके गए तीर्थयात्री
प्रशासन ने तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए हैं। हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में पुलिस और स्थानीय प्रशासन यात्रियों को धामों की ओर बढ़ने से रोक रहा है। यात्रियों को भोजन, पानी और आश्रय की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।
हाईवे और संपर्क मार्ग बाधित
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ अन्य कई संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध हो गए हैं। सड़क पर मलबा जमा हो जाने से राहत कार्यों में भी कठिनाई आ रही है। PWD और BRO की टीमें मार्गों को खोलने के प्रयास में जुटी हैं।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अगले 24 घंटों तक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की है। यात्रियों को मौसम की स्थिति सामान्य होने तक धैर्य रखने का अनुरोध किया गया है।













