
सीजेपी (CJP) आंदोलन और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के अनशन के बीच केंद्र सरकार ने बातचीत की दिशा में पहल की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
सोनम वांगचुक को दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह लंबे समय से अनशन पर हैं और लगातार चिकित्सकीय निगरानी में हैं। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अदालत ने उन्हें निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति दी थी।
अस्पताल में हुई मुलाकात के दौरान दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने सोनम वांगचुक से बातचीत की। माना जा रहा है कि यह मुलाकात सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संवाद की शुरुआत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकती है। हालांकि, बातचीत में क्या चर्चा हुई और किसी सहमति पर बात बनी या नहीं, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार, NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और अन्य मांगों को लेकर सीजेपी का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है। हाल के दिनों में जंतर-मंतर और प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शनों के बाद इस मुद्दे ने राजनीतिक रूप ले लिया है।
सरकार की ओर से बातचीत की पहल ऐसे समय में हुई है, जब आंदोलन को लेकर देशभर में चर्चा तेज है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और आंदोलनकारियों के बीच होने वाला संवाद किसी ठोस समाधान की दिशा में आगे बढ़ता है या नहीं।











