उत्तराखंड: भाजपा हाईकमान ने एक बार फिर जताया भरोसा, क्या पुष्कर धामी रचेंगे इतिहास

1

उत्तराखंड में भाजपा के किसी भी मुख्यमंत्री ने अभी तक पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया। उत्तराखंड गठन के 20 साल में सिर्फ कांग्रेस मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ही अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा कर पाए हैं।

खटीमा विधानसभा सीट से हार के बावजूद भाजपा हाईकमान ने पुष्कर सिंह धामी पर एक बार फिर भरोसा जताया है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री कार्यकाल का पांच साल का रिकॉर्ड बना पाएंगे। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कापड़ी से मिली हार के बाद धामी काे सीएम रेस से बाहर बताया जा रहा था। लेकिन, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने सीएम धामी के नाम पर ही हामी भरी है।

विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा को 47 सीटें मिलीं थी, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटों से ही संतुष्ट होना पड़ा।70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड में दो-दो सीटें निर्दलीय और बसपा उम्मीदवारों ने जीतीं हैं। उत्तराखंड के 20 साल के इतिहास में कोई भी राजनैतिक पार्टी दोबारा सरकार बनाने में कामयाब नहीं रही। 2000 में भाजपा के बाद 2002 में कांग्रेस ने उत्तराखंड में सरकार बनाई।

2007 में भाजपा ने वापसी करते हुए एक बार फिर सरकार बनाई ताे 2012 में कांग्रेस की वापसी हुई। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाई। 2022 के विधानसभा चुनावों में जनता ने एक बार फिर भाजपा पर ही भरोसा जताया।