
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2024 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस बार परीक्षा में नेहा पांचाल ने पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर अनन्या त्रिवेदी और तीसरे स्थान पर अभय प्रताप सिंह रहे।
इस परिणाम में लड़कियों का प्रदर्शन खास रहा। टॉप 10 में कुल 6 लड़कियां शामिल हैं। नेहा पांचाल और अनन्या त्रिवेदी ने पहले और दूसरे स्थान पर जगह बनाकर यह साबित किया कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। टॉप 10 में अनामिका मिश्रा चौथे, नेहा सिंह पांचवें, दीप्ति वर्मा छठे और पूजा तिवारी सातवें स्थान पर रहीं।
आयोग ने कुल 947 पदों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इनमें 613 पुरुष और 319 महिलाएं शामिल हैं। यह चयन कुल 24 प्रकार के पदों और सेवाओं के लिए किया गया है।
पीसीएस मेंस परीक्षा 29 जून से 2 जुलाई 2025 के बीच प्रयागराज और लखनऊ में आयोजित हुई थी, जिसमें 13776 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मेंस परीक्षा का परिणाम 4 फरवरी 2026 को घोषित किया गया था। इसके बाद इंटरव्यू प्रक्रिया 26 फरवरी से 23 मार्च 2026 तक चली, जिसमें 2719 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इंटरव्यू के दौरान 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद दो और अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए प्रोविजनल तौर पर शामिल किया गया था। कुछ पदों पर उपयुक्त उम्मीदवार न मिलने के कारण एस्टेट ऑफिसर का एक पद और मैनेजर के 14 पद खाली रह गए हैं। आयोग ने इन पदों को आगे के लिए सुरक्षित रखने की सिफारिश की है।
इस बार का परिणाम यह दिखाता है कि मेहनत और लगन के दम पर युवा हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रहे हैं, खासकर बेटियां शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।













