श्रीलंका ने पीएम मोदी को ‘मित्र विभूषण सम्मान’ से नवाज़ा, क्या है इसके मायने?

8

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘मित्र विभूषण सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल प्रधानमंत्री मोदी की दक्षिण एशियाई क्षेत्र में शांति, सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देने की भूमिका को दर्शाता है, बल्कि भारत-श्रीलंका के गहरे और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक भी है।

पीएम मोदी शुक्रवार शाम तीन दिवसीय श्रीलंका दौरे पर कोलंबो पहुंचे, जहां उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। शनिवार को राष्ट्रपति दिसानायके और प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय वार्ता के बाद, दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जिनसे व्यापार, पर्यटन, संस्कृति और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नया आयाम मिलेगा।

क्या है ‘मित्र विभूषण सम्मान’ के मायने?

इस सम्मान की विशेषता इसके प्रतीकों और सजावट में निहित है, जो भारत और श्रीलंका के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव को बारीकी से दर्शाते हैं।

धर्म चक्र – यह बौद्ध विरासत का प्रतीक है और दोनों देशों के साझा आध्यात्मिक मूल्यों को उजागर करता है।

पुन कलश और चावल की सजावट – समृद्धि, शुद्धता और नवीनीकरण का प्रतीक यह कलश भारत-श्रीलंका के साझे विकास और शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने के संकल्प को दर्शाता है।

नवरत्न – नौ कीमती रत्न इस मित्रता की अमूल्य और शाश्वत प्रकृति के प्रतीक हैं। यह रत्न एक शुद्ध कमल की पंखुड़ियों से घिरे ग्लोब के भीतर सजाए गए हैं, जो दोनों देशों के बीच वैश्विक और आध्यात्मिक सामंजस्य को दर्शाते हैं।

सूर्य और चंद्रमा का प्रतीक – यह कालातीत संबंधों का प्रतीक है, जो भारत और श्रीलंका के बीच अतीत से लेकर भविष्य तक फैली स्थायी मित्रता और एकजुटता को रेखांकित करता है।

इस सम्मान के माध्यम से श्रीलंका ने न केवल प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता को स्वीकारा, बल्कि यह स्पष्ट संदेश दिया कि भारत और श्रीलंका के संबंध सिर्फ पड़ोसी होने तक सीमित नहीं, बल्कि यह सांस्कृतिक साझेदारी, धार्मिक एकता और ऐतिहासिक मित्रता की मजबूत नींव पर खड़े हैं।

यह सम्मान इस ओर भी संकेत करता है कि दक्षिण एशियाई देशों के बीच सहयोग और समरसता के नए युग की शुरुआत हो चुकी है, जिसमें भारत की भूमिका एक सशक्त मित्र और मार्गदर्शक के रूप में है।