spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, सरकार के आश्वासन...

26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, सरकार के आश्वासन के बाद लिया फैसला

1

शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग को लेकर जारी अपना 26 दिन लंबा अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में जूस पीकर अपना अनशन तोड़ा।

सोनम वांगचुक ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार के साथ लंबे दौर की बातचीत और कुछ महत्वपूर्ण आश्वासनों के बाद यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों और आंदोलनकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने तथा परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही, NEET पेपर लीक और शिक्षा सुधार जैसे मुद्दों पर संसद में चर्चा कराने का भरोसा दिया है।

वांगचुक ने अपने संदेश में कहा कि यह “अनशन का अंत नहीं, बल्कि जवाबदेही की शुरुआत” है। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे और किसी भी तरह की हिंसा से बचा जाए।

इससे पहले उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगातार अनशन के कारण उनका स्वास्थ्य प्रभावित हुआ था और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।

हालांकि, सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बावजूद सीजेपी (Cockroach Janta Party) ने स्पष्ट किया है कि उसका आंदोलन जारी रहेगा। संगठन का कहना है कि जब तक उसकी प्रमुख मांगों—शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई—पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा।